भिंड/ग्वालियर। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में सोमवार देर रात नेशनल हाईवे-719 पर हुए भीषण सड़क हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हो गए। हादसा गोहद क्षेत्र में उस समय हुआ जब मजदूरों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
बताया जा रहा है कि पिकअप में सवार सभी मजदूर ग्वालियर में धान रोपाई का कार्य पूरा कर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित अपने गांव लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क पर बैठी गायों को बचाने के प्रयास में पिकअप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद पिकअप सीधे ट्रक से जा भिड़ी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मृतकों की पहचान और मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
