इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। झलारिया गांव में ड्राइवर सुनील पिता रामावतार चौहान (37) ने पत्नी अनीता बाई (32) की कथित तौर पर चाकू मारकर और गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी अपने दोनों बच्चों माही (10) और अजय (8) को हिंगोनिया गांव के पास तालाब में ले गया और उन्हें पानी में फेंक दिया।
अजय किसी तरह तालाब से बाहर निकल आया और वहां से गुजर रही कनाड़िया FRV टीम को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी सुनील को झलारिया गांव से हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने पत्नी की हत्या और दोनों बच्चों को तालाब में फेंकने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर अनीता का शव बरामद किया गया।
बच्चों की तलाश के लिए SDRF टीम को बुलाया गया। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के दौरान बेटी माही का शव तालाब से बरामद कर लिया गया। शुरुआती जांच में माही की मौत गहरे पानी में डूबने से होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार अनीता के शरीर पर चाकू के निशान मिले हैं और गला घोंटने की बात भी सामने आई है।
पुलिस जांच में फिलहाल सामने आया है कि अनीता के अन्य लोगों से बातचीत करने को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना के बाद आरोपी रात में फरार होने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस टीम ने तलाश के दौरान उसे इलाके में घूमते हुए पकड़ लिया।
घटना की सूचना मृतका और बच्ची के परिजनों को दे दी गई है। मौके पर ACP खजराना, कनाड़िया थाना प्रभारी, पुलिस टीम, FSL और SDRF की टीम मौजूद रही। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
सुनील पेशे से ड्राइवर था और कुछ समय पहले ही परिवार के साथ झलारिया गांव में किराए के मकान में रहने आया था। अनीता मूल रूप से देवास जिले के कांटाफोड़ की रहने वाली थी। दोनों परिवार मूल रूप से कांटाफोड़ के हैं और करीब 17-18 वर्षों से इंदौर में रह रहे हैं।
