टीकमगढ़। शहर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। देर रात एक हीरो मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
मृतक की पहचान राहुल रजक (35) निवासी चकरा तिगैला के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के दौरान डिवाइडर पर लगी नुकीली लोहे की पत्तियां राहुल की गर्दन और सीने में घुस गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय नागरिकों ने दुर्घटना के लिए तेज रफ्तार के साथ-साथ डिवाइडर पर लगी नुकीली लोहे की पत्तियों को भी जिम्मेदार ठहराया है। लोगों का कहना है कि यदि डिवाइडर पर इस तरह की खतरनाक संरचना नहीं होती तो संभव है कि युवक की जान बचाई जा सकती थी। नागरिकों ने जिला प्रशासन और कलेक्टर से इन नुकीली लोहे की पत्तियों को तत्काल हटाने की मांग करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए ऐसे खतरनाक अवरोधों को समाप्त करना आवश्यक है।
पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते डिवाइडरों को सुरक्षित नहीं बनाया गया तो भविष्य में भी इस तरह के गंभीर हादसे सामने आ सकते हैं। सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग लगातार उठ रही है।
