विदिशा के गमाखर गांव में आधी रात घर में घुसे बदमाश से महिला ने करीब 30 मिनट तक संघर्ष कर अदम्य साहस का परिचय दिया।
गंजबासौदा । गंजबासौदा क्षेत्र के ग्राम गमाखर में एक महिला ने आधी रात घर में घुसे बदमाश का अकेले मुकाबला कर अदम्य साहस का परिचय दिया। बदमाश ने महिला का गला दबाकर उसे बेहोश करने और आभूषण लूटने की कोशिश की, लेकिन महिला करीब आधे घंटे तक उससे संघर्ष करती रही।
आखिरकार बदमाश उसके कानों के सोने के झुमके, मंगलसूत्र सहित अन्य जेवर छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
घर में अकेली थी महिला
जानकारी के अनुसार पीड़िता प्रीतीबाई घर में अकेली थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए हुए थे। इसी दौरान देर रात एक बदमाश छत के रास्ते घर में घुस आया। आहट होने पर महिला की नींद खुल गई तो आरोपी ने उसका गला दबाकर काबू में करने का प्रयास किया। इसके बावजूद महिला ने हिम्मत नहीं हारी और पूरी ताकत से विरोध किया।
करीब 30 मिनट तक दोनों के बीच संघर्ष चलता रहा। संघर्ष के दौरान महिला को चोटें भी आईं, लेकिन उसने लगातार शोर मचाने और अपना बचाव करने की कोशिश जारी रखी।
आखिरकार बदमाश महिला के जेवर छीनकर मौके से भाग निकला। घटना के बाद महिला सदमे में है। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीओपी शिखा भलावी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़िता से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि महिला ने साहस और सूझबूझ का परिचय नहीं दिया होता तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी। उन्होंने पुलिस से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और गांव में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
