छतरपुर। श्री कृष्णा विश्वविद्यालय, छतरपुर के पैरामेडिकल एवं नर्सिंग विभाग के विद्यार्थियों ने शासन द्वारा आयोजित पल्स पोलियो अभियान में 28, 29 एवं 30 जून 2026 तक सक्रिय सहभागिता निभाते हुए जनस्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विद्यार्थियों ने अभियान के दौरान पोलियो उन्मूलन के उद्देश्य से आयोजित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश प्रसारित किया।
तीन दिवसीय अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने जिला स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर पोलियो टीकाकरण एवं जन-जागरूकता गतिविधियों में समुदाय को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पैरामेडिकल एवं नर्सिंग विभाग के विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की दो बूंद जिंदगी की पिलाने में सहयोग किया। इसके साथ ही उन्होंने अभिभावकों को पोलियो टीकाकरण के महत्व, बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं नियमित टीकाकरण के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया तथा पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों की यह सहभागिता उनके व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी प्रदर्शित करती है। अभियान के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन जिला चिकित्सालय, छतरपुर के श्री सत्यम तिवारी द्वारा किया गया। उनके कुशल निर्देशन में विद्यार्थियों ने टीकाकरण अभियान की कार्यप्रणाली, फील्ड मैनेजमेंट तथा जनसंपर्क से संबंधित व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। पैरामेडिकल एवं नर्सिंग विभाग के विद्यार्थियों की इस पहल को स्थानीय स्तर पर भी सराहा गया।
अभियान में उनकी सक्रिय भागीदारी ने स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और पोलियो मुक्त समाज के संकल्प को मजबूत करने में योगदान दिया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. अमित कुमार जैन ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विद्यार्थियों का दायित्व केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के स्वास्थ्य एवं कल्याण में सक्रिय भूमिका निभाना भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे जनहितकारी अभियानों में विद्यार्थियों की सहभागिता उन्हें वास्तविक परिस्थितियों में कार्य करने का अनुभव प्रदान करती है।
कुलसचिव डॉ. दिगंत द्विवेदी ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि श्री कृष्णा विश्वविद्यालय सदैव सामाजिक जागरूकता एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। पल्स पोलियो अभियान में विद्यार्थियों की भागीदारी विश्वविद्यालय की सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
