छतरपुर। जिले के अलीपुरा थाना क्षेत्र में झांसी-खजुराहो फोरलेन मार्ग के पास एक खेत में जला हुआ शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यह शव ग्राम पंचायत करारा गंज के एक किसान के खेत में पड़ा मिला, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मंगलवार सुबह ग्रामीणों की नजर खेत से उठ रहे धुएं पर पड़ी। जब वे मौके पर पहुंचे तो वहां एक बुरी तरह जला हुआ शव पड़ा मिला।
घटना की जानकारी तत्काल अलीपुरा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार शव इतना अधिक जला हुआ है कि उसकी पहचान करना फिलहाल संभव नहीं हो पा रहा है।
मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है और आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल है। लोग इस बात को लेकर सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी वारदात कैसे हुई। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है और शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।
