दिल्ली के मालवीय नगर होटल हादसे में आग से घिरी एक मां अपने मासूम बच्चे को सीने से लगाकर तीसरी मंजिल से कूद गई। हादसे में मां-बच्चे दोनों गंभीर रूप से घायल हैं।
दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण होटल अग्निकांड से कई ऐसी दर्दनाक तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं, जिन्हें देखकर किसी का भी कलेजा कांप जाए। दरअसल, होटल में बुधवार की सुबह लगी इस भीषण आग के बाद भीतर मौजूद लोग जिंदगी और मौत के बीच पूरी तरह बेबस नजर आ रहे थे। चारों तरफ फैली आग की लपटों और दम घोंटू धुएं के बीच लोग अपनी जान बचाने के लिए कुछ भी करने को तैयार दिखे। इसी बीच एक मां की बेबसी और ममता का ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसे देखकर हर कोई सन्न रह गया।
मिल रही जानकारी के अनुसार, होटल का मुख्य दरवाजा बंद होने के कारण लोग नीचे नहीं आ पा रहे थे और आग की लपटें तेजी से कमरों की तरफ बढ़ रही थीं। तीसरी मंजिल पर फंसी एक महिला जब धुएं के कारण पूरी तरह बेबस हो गई, तो उसने अपने मासूम बच्चे को बचाने के लिए एक आत्मघाती लेकिन मजबूर कदम उठाया। महिला ने अपने कलेजे के टुकड़े को कसकर अपने सीने से लगाया और सीधे तीसरी मंजिल की खिड़की से नीचे छलांग लगा दी।
