दक्षिण दिल्ली के हौज रानी के गेस्ट हाउस में लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वॉशरूम में मिले पति-पत्नी और एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत की दर्दनाक कहानी सामने आई है।
3 जून को हुए दक्षिण दिल्ली के हौज रानी इलाके में हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की जान चली गई है। इस हादसे के बाद सामने आ रही कुछ कहानियां झकझोर कर रख दे रही हैं। रेस्कयू ऑपरेशन के दौरान पहली मंजिल के एक बंद वॉशरूम में पति-पत्नी के शव मिले। उन दोनों ने आग से बचने के लिए वॉशरूम में खुद को बंद किया था। उन्हें उम्मीद थी कि शायद मदद पहुंच जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका और अंत में धुएं के बीच दोनों की मौत हो गई। वहीं बताया जा रहा है कि एक ही परिवार के आठ सदस्यों की इस अग्निकांड में मौत हो गई है। आग लगने के दौरान बेटे ने अपने रिश्तेदार को आखिरी बार फोन किया था और वह सिर्फ इतना कह पाया था कि यहां आग लग गई है।
वॉशरूम में बंद होकर की थी बचने की कोशिश
बचाव अभियान के दौरान दमकलकर्मियों को पहली मंजिल के एक बंद वॉशरूम में पति-पत्नी के शव मिले। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग और धुएं से बचने के लिए दोनों वॉशरूम में जाकर बंद हो गए थे। जब राहत टीम वहां पहुंची तो महिला टॉयलेट सीट पर बैठी हुई थी और उसका पति उसके पास कुर्सी पर बैठा मिला। दोनों एक दूसरे को गले लगाए हुए थे। माना जा रहा है कि दोनों को उम्मीद थी कि कुछ ही देर में मदद पहुंच जाएगी, लेकिन धुआं तेजी से फैलता गया और उनकी जान नहीं बच सकी।
