छतरपुर। जिले के बाजना थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक 8 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ उसके रिश्ते के चाचा द्वारा दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बच्ची और उसके माता-पिता को अभिरक्षा में लेकर छतरपुर महिला थाना पहुंची है, जहां जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पीड़िता के माता-पिता का आरोप है कि घटना 25 अगस्त की है। उनके अनुसार, वे फेरी लगाकर अपना जीवनयापन करते हैं और घटना वाले दिन बच्ची दोपहर में खाना खाने के लिए अकेले घर पहुंची थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले रिश्ते के चाचा ने कथित रूप से उसके साथ गलत काम किया।
परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने मामले को उठाया तो गांव में पंचायत बुलाई गई, जहां कुछ लोगों द्वारा ₹2 लाख में समझौता करने का दबाव बनाया गया। पिता का कहना है कि जब वह बेटी को न्याय दिलाने के लिए थाने पहुंचे तो उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की पड़ताल के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
