मैया की पूजा-अर्चना कर खिलाए फल-मिठाई, भजन-कीर्तन के बीच मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
नौगांव। नौगांव जनपद पंचायत की ढिगपुरा गौशाला में वेद आश्रम ट्रस्ट, गुजरात द्वारा संचालित गौशाला परिसर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, महिलाएं, गौशाला संचालक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान गैया मैया की पूजा-अर्चना कर उन्हें फल एवं मिठाई खिलाई गई। वहीं भजन-कीर्तन के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया।
कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर पूरा गौशाला परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए और गौसेवा के महत्व का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं को मिठाई एवं फल वितरित किए गए। सभी ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता कर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को यादगार बनाया।
