छतरपुर जिले की पठा चौकी क्षेत्र अंतर्गत मिढ़का गांव में एक विवाहिता द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।
मृतका के पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी गांव के ही एक युवक से फोन पर बातचीत करती थी। पति द्वारा कई बार समझाइश देने और ऐसा करने से मना करने के बावजूद वह युवक से संपर्क में बनी रही। पति का दावा है कि इसी बात को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है तथा परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
