छतरपुर/घुवारा, रूपेन्द्र पाल। बमनौरा थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान 50 वर्षीय सुनतीबाई अहिरवार, पत्नी स्वर्गीय मानप्यारे अहिरवार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में महिला पर पत्थर से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बमनौरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के दोनों बेटों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
थाना प्रभारी अभिषेक पांडे ने बताया कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना में किसकी भूमिका है, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बड़ामलहरा सिविल अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और घटना की पूरी सच्चाई का खुलासा हो सकेगा।
