नौगांव (छतरपुर), नौगांव स्थित शासकीय बापू महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बस किराए में मनमानी वसूली के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने एसडीएम कार्यालय के बाहर झांसी-छतरपुर मुख्य मार्ग पर बैठकर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने शासन-प्रशासन की अनदेखी के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया। छात्रों का आरोप है कि बस ऑपरेटरों द्वारा मनमाना किराया वसूला जा रहा है, जिससे प्रतिदिन कॉलेज आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। लगातार शिकायतों के बावजूद स्थानीय प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
चक्काजाम और हंगामे की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सड़क पर बैठे विद्यार्थियों को समझाने और जाम खुलवाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
