छतरपुर। जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर मृणाल मीणा के निर्देश पर खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने महाराजपुर तहसील के मलहरा क्षेत्र में जांच की, जिसमें बड़े पैमाने पर मुरूम और मिट्टी के अवैध उत्खनन का खुलासा हुआ।
जांच के दौरान 3940 घनमीटर मुरूम और मिट्टी का बिना अनुमति उत्खनन और परिवहन पाया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्य सड़क निर्माण एजेंसी एम.के.सी. (MKC) द्वारा कराया जा रहा था।
खनिज विभाग ने कंपनी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। अवैध उत्खनन से संबंधित शासकीय रॉयल्टी की राशि लगभग 1.97 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि निकाले गए खनिज की अनुमानित बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है।
