गाजियाबाद के मुरादनगर इलाके में एक युवक का दो साल से पत्नी से वैवाहिक विवाद चल रहा है। दोनों अलग रह रहे हैं।
गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद में एक वैवाहिक विवाद ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब एक युवक ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी पर कार से कुचलकर हत्या करने की कोशिश का आरोप लगाया। युवक का कहना है कि पहले उसकी बाइक में पीछे से कार मारी गई। फिर विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। शिकायत के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां काफी देर तक तीखी बहस और हंगामा चलता रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित युवक मुरादनगर क्षेत्र की एक कॉलोनी का रहने वाला है। उसके अनुसार, पिछले करीब दो वर्षों से पत्नी के साथ उसका पारिवारिक विवाद चल रहा है। दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। महिला फिलहाल अपने मायके में रह रही है। मंगलवार दोपहर वह बाइक से गाजियाबाद की ओर जा रहा था। आरोप है कि उखलारसी बंबे के पास पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क किनारे गिरकर घायल हो गया। हादसे में उसके हाथ में चोट आई।
कार में प्रेमी संग सवार थी पत्नी: युवक
युवक का दावा है कि जिस कार ने टक्कर मारी, उसमें उसकी पत्नी अपने कथित प्रेमी और कुछ अन्य लोगों के साथ सवार थी। उसका आरोप है कि हादसे के बाद जब उसने इसका विरोध किया तो कार सवार लोग बाहर निकल आए और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए।
थाने में अफरा-तफरी का माहौल
घायल युवक सीधे थाने पहुंचा और पत्नी व उसके कथित प्रेमी के खिलाफ तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसे जानबूझकर कार से कुचलकर मारने की कोशिश की गई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने दूसरे पक्ष को भी थाने बुलाया। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने पर थाने का माहौल गर्म हो गया और काफी देर तक कहासुनी व हंगामा चलता रहा।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस का कहना है कि मामला पति-पत्नी के बीच चल रहे पुराने विवाद से जुड़ा हुआ है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य और अन्य तथ्यों की जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है।
