छतरपुर जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र के बिहाटा गांव में गुरुवार सुबह खेत में काम कर रहे एक किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, बिहाटा निवासी 35 वर्षीय रामस्वरूप कुशवाहा सुबह करीब 8 बजे अपने खेत में चारा काट रहे थे। इसी दौरान वे अचानक करंट की चपेट में आ गए। गंभीर हालत में परिजन उन्हें ईशानगर शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉ. जी.के. साहू ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल छतरपुर भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बेटों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने खेतों में उपयोग होने वाले विद्युत उपकरणों और बिजली लाइनों की नियमित जांच की मांग की है। साथ ही किसानों से बिजली संबंधी कार्यों के दौरान विशेष सावधानी बरतने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की गई है।
