मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के बलदेव थाना क्षेत्र के गांव छौली में करीब एक माह पहले हुई 3 वर्षीय मासूम की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मां और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता कृष्ण मुरारी के अनुसार, 28 जून की शाम उनकी पत्नी रुचि ने फोन कर बताया था कि उनका तीन वर्षीय बेटा माधव कई बार जगाने के बावजूद नहीं उठ रहा है। इसके बाद बच्चे को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बाद में बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया था।
पिता का आरोप है कि कुछ समय बाद उन्होंने अपनी पत्नी को एक युवक से फोन पर बातचीत करते हुए सुना, जिसमें कथित तौर पर बच्चे की मौत का जिक्र किया जा रहा था। शिकायत के अनुसार, पूछताछ के दौरान पत्नी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि उसका एक युवक से प्रेम संबंध था और फोन पर बातचीत के दौरान बच्चे के शोर मचाने से नाराज होकर उसने उसका गला दबा दिया था।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कथित प्रेमी को घटना की जानकारी थी। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मां और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी अभय कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, तकनीकी साक्ष्य और संबंधित लोगों के बयान जुटा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
