ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के महरौनी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कुझान घाट पुल पर तेज बहाव के बीच एक तेल टैंकर चालक ने पुल पार करने की कोशिश की, लेकिन बीच पुल पर पहुंचते ही टैंकर पानी की तेज धारा की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है और कुझान घाट पुल के ऊपर से तेज गति से पानी बह रहा था। इसके बावजूद चालक ने टैंकर को पुल से निकालने का प्रयास किया। कुछ ही देर में पानी का दबाव इतना बढ़ गया कि भारी-भरकम तेल टैंकर असंतुलित होकर बहाव के साथ बहने लगा।
टैंकर को पानी में बहता देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए और चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस प्रयास से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरानी जता रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में पुल और रपटों पर तेज बहाव के दौरान वाहन निकालना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।
प्रशासन और स्थानीय नागरिकों ने वाहन चालकों से अपील की है कि जलभराव या तेज बहाव की स्थिति में किसी भी प्रकार का जोखिम न लें तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
