शहर की अमलतास कॉलोनी में बीते दिनों हुई एक महिला की नृशंस हत्या के मामले में पीड़ित पति ने पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदक ने लिखित आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और असली हत्यारे को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
ग्राम थरा के मूल निवासी सुमन कुमार प्रजापति वर्तमान में छतरपुर की अमलतास कॉलोनी में अपना मकान बनाकर रह रहे हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि 17 अगस्त 2026 को दोपहर लगभग 2:30 बजे उनकी पत्नी श्रीमती माल्ती प्रजापति की उनके ही घर में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के संबंध में पुलिस थाना सिविल लाइन में आपराधिक प्रकरण भी दर्ज है।
पीड़ित पति का कहना है कि घटना को काफी समय बीत जाने के बाद भी पुलिस अभी तक असली आरोपी को पकड़ने में नाकाम रही है। वहीं मृतका के मायके पक्ष के लोगों द्वारा उन पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं और उन्हें गांव में बदनाम किया जा रहा है। इतना ही नहीं, पीड़ित को इस झूठे केस में फंसाने की धमकियां भी दी जा रही हैं, जिससे उनका परिवार बेहद मानसिक तनाव में है। सुमन कुमार प्रजापति ने SP से अपील की है कि निष्पक्ष जांच कराकर असली दोषी को गिरफ्तार किया जाए, ताकि न्याय मिल सके और निर्दोष व्यक्ति को परेशान न किया जाए
