अतर्रा /बांदा । जनपद के अतर्रा थाना क्षेत्र से पारिवारिक रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। पीड़िता ने अपने सगे देवर पर दुष्कर्म के प्रयास और लगातार उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मंगलवार को दो महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र सौंपा और आरोपी व उसके परिजनों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत में पीड़िता ने बताया कि मंगलवार को भीषण गर्मी के चलते वह घर के पास स्थित एक मंदिर में आराम कर रही थीं। इसी दौरान उनका देवर रामेश्वर सिंह वहां पहुंचा और पीड़िता को अकेली पाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास किया। जबमहिला ने इसका कड़ा विरोध किया तो आरोपी ने उसे पैसे का लालच देकर मुंह बंद रखने की कोशिश की।
महिला द्वारा शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी रामेश्वर सिंह की नीयत पहले से ही खराब रही है। वह इससे पूर्व पीड़िता की देवरानी के साथ भी अश्लील हरकत कर चुका है। आरोप है कि हर बार स्थानीय स्तर पर थाने में समझौते के नाम पर मामले को दबा दिया गया, जिससे कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और आरोपी के हौसले बुलंद होते चले गए।
पीड़िताओं ने एसपी को दिए पत्र में बताया कि जब वे न्याय की गुहार लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय जा रही थीं, तभी रास्ते में आरोपी की पत्नी कुसुम और उसके पुत्र लकी, विक्की तथा कृष्णा ने उन्हें घेर लिया। उन्होंने शिकायत वापस लेने का दबाव बनाते हुए ऐसा न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी।
लगातार मिल रही धमकियों से पीड़ित परिवार दहशत के माहौल में जीने को मजबूर है। पीड़िताओं ने पुलिस अधीक्षक से आरोपी रामेश्वर सिंह और उसके परिजनों के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच व कठोर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
