बांदा । जनपद में अपराध नियंत्रण और पशु क्रूरता के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मटौंध पुलिस ने क्षमता से अधिक बेजुबान पशुओं को क्रूरतापूर्वक डीसीएम वाहन में लादकर ले जा रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 14 भैंस/भैंसे और परिवहन में प्रयुक्त एक डीसीएम वाहन बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में 28/29 जुलाई की देर रात थाना मटौंध पुलिस गश्त एवं वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम दुरेड़ी के पास भूरागढ़ चौकी क्षेत्र में पुलिस ने एक डीसीएम वाहन को रोककर जांच की। जांच में वाहन में क्षमता से अधिक पशुओं को अमानवीय तरीके से भरा हुआ पाया गया।
पुलिस ने मौके से वाहिद पुत्र मजीद तथा जसीम पुत्र शकील, दोनों निवासी ग्राम कोर्रही, थाना बिसण्डा, जनपद बांदा को गिरफ्तार कर लिया। वाहन से कुल 14 भैंस/भैंसे बरामद किए गए तथा डीसीएम वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र कुमार सिंह, निरीक्षक प्रेमनारायण सिंह, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी भूरागढ़ अरविन्द्र कुमार, कांस्टेबल अनुज यादव, शशिकांत एवं सौरभ गुप्ता शामिल रहे।
