पन्ना। जिले के पवई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कमता में जमीनी विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। यहां एक कलयुगी पुत्र ने अपनी ही मां की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को शंकरदयाल पांडे ने पवई थाने में सूचना दी कि उसके पुत्र रामदयाल पांडे (26) ने जमीन के विवाद को लेकर अपनी मां शीला पांडे (42) पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पन्ना पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती वंदना सिंह, एसडीओपी पवई श्रीमती भावना दांगी के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी रामदयाल पांडे को ग्राम कमता से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी एक सूखे कुएं से बरामद कर जप्त किया गया, जिसे घटना के बाद आरोपी ने छिपा दिया था।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में उप जेल पवई भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार, उपनिरीक्षक विजय गर्ग, प्रधान आरक्षक विनोद कुमार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
