छतरपुर। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पाय गांव में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब स्कूल जा रहे बच्चों से भरी वैन लटकते हुए बिजली के तार की चपेट में आ गई। हादसे में तीन बच्चे आंशिक रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, स्कूल वैन मासूम बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में नीचे लटक रहा बिजली का तार वैन से टकरा गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। घटना में तीन बच्चों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिलाया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन मौके पर पहुंचे और बाद में राजनगर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की। परिजनों ने लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के तार लंबे समय से नीचे लटके हुए हैं, जिससे लगातार दुर्घटना का खतरा बना रहता है।