सतना। मध्य प्रदेश पुलिस विभाग द्वारा जारी कार्यवाहक उप निरीक्षकों (एसआई) की पदोन्नति सूची में एक बड़ी प्रशासनिक चूक सामने आई है। विभाग की ओर से जारी 2035 कार्यवाहक उप निरीक्षकों की सूची में एक ऐसे पुलिसकर्मी का नाम शामिल कर दिया गया, जिनका पिछले वर्ष ही निधन हो चुका था।
जानकारी के अनुसार, पदोन्नति सूची में क्रमांक 1115 पर राकेश सिंह बघेल का नाम दर्ज है। राकेश सिंह बघेल सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र के दिदौंध गांव के निवासी थे और पन्ना जिले के देवेन्द्रनगर थाने में पदस्थ थे। बीमारी के चलते उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था, जिसके बाद उनका निधन हो गया था।
मृत पुलिसकर्मी का नाम पदोन्नति सूची में शामिल होने के बाद विभाग की कार्यप्रणाली और रिकॉर्ड सत्यापन प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं। विभागीय नियमों के अनुसार पदोन्नति से पहले कर्मचारियों की सेवा स्थिति, सेवानिवृत्ति, मृत्यु और अन्य अभिलेखों का सत्यापन किया जाता है। इसके बावजूद यह चूक सामने आने से लापरवाही की चर्चा तेज हो गई है।
मामला उजागर होने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि पुलिस विभाग सूची की समीक्षा कर आवश्यक संशोधन करेगा और भविष्य में ऐसी त्रुटियों से बचने के लिए रिकॉर्ड सत्यापन व्यवस्था को और मजबूत बनाएगा।
