किशनगंज (बिहार)। देश की सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील माने जाने वाले सिलीगुड़ी कॉरिडोर (चिकन नेक) के पास सेना का नया स्टेशन स्थापित करने की तैयारी के बीच जमीन खरीद-फरोख्त का मामला चर्चा में आ गया है। बिहार के किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड स्थित भेलागुड़ी मौजा में सेना स्टेशन के लिए 189.68 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रक्षा विभाग और जिला प्रशासन के बीच भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान बाहरी लोगों द्वारा बड़ी संख्या में जमीन की रजिस्ट्रियां कराए जाने का खुलासा हुआ है। दस्तावेजों के मुताबिक कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी सहित दिल्ली और उत्तर प्रदेश के सात लोगों ने करीब 71 एकड़ जमीन खरीदी है।
यह क्षेत्र नेपाल, बांग्लादेश और भूटान की सीमाओं के करीब होने के कारण रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में सेना स्टेशन के प्रस्तावित क्षेत्र के आसपास हुई जमीन खरीद को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हालांकि जमीन खरीद में किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच और दस्तावेजों की समीक्षा कर रहे हैं।
