गोंडा के नरेमहरीपुर गांव में एक घर से 18 सांप मिलने पर हड़कंप मच गया। सर्पमित्रों की मदद से सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
यूपी के गोंडा में उस समय हड़कंप मच गया जब एक घर के अंदर एक साथ कई कोबरा सांप दिखाई दिए। घर के मालिक मोहम्मद इरफान सुबह जब सोकर उठे तो उनको बाथरूम में 2 कोबरा दिखाई दिए। डरकर जैसे ही वह बाहर निकले तो घर के मुख्य दरवाजे पर भी 3 कोबरा बैठे मिले। इसके बाद घर के अलग – अलग हिस्सों में और सांप दिखने लगे। सांपों को देखकर पूरा परिवार दहशत में आ गया।
यह घटना इटियाथोक क्षेत्र के नरेमहरीपुर गांव की है। परिवार ने तुरंत स्नेक कैचर को सूचना दी। स्पेक्टेकल्ड कोबरा रेस्क्यू दल के सदस्य अरुण गोस्वामी उर्फ बाबा मौके पर पहुंचे और घर की तलाशी शुरू की। करीब 4 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद उन्होंने घर से कुल 18 बेबी कोबरा को सुरक्षित पकड़ा। रेस्क्यू के बाद सभी सांपों को करनैलगंज क्षेत्र के पास झाड़ियों में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इस पूरे ऑपरेशन के दौरान वन विभाग को कोई जानकारी नहीं दी गई। रेस्क्यू टीम ने परिवार को भविष्य में सावधानी बरतने और ऐसी स्थिति में तुरंत विशेषज्ञों को बुलाने की सलाह दी।
ज्यादा खतरनाक हो सकते हैं बेबी कोबरा
स्नेक कैचर अरुण गोस्वामी ने बताया कि सभी कोबरा को बिना किसी नुकसान के पकड़कर बाद में जंगल में छोड़ दिया गया। ऑपरेशन पूरा होने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। इस मामले में सर्प मित्रों ने एक जरूरी बात भी बताई। उनका कहना है कि बड़े स्पेक्टेकल कोबरा की तुलना में बेबी कोबरा ज्यादा खतरनाक हो सकते हैं। छोटे कोबरा को खतरे का सही अंदाजा नहीं होता, इसलिए काटने पर वे कई बार अधिक मात्रा में जहर छोड़ देते हैं। इससे स्थिति गंभीर हो सकती है।
सर्पमित्र ने बचाव को दिए सुझाव
बरसात के मौसम को देखते हुए विशेषज्ञों ने लोगों से खास सावधानी बरतने को कहा है। उन्होंने सलाह दी कि घर में कूड़ा – कचरा जमा न होने दें। बिस्तर बिछाने से पहले उसे अच्छी तरह झाड़ लें। जूते पहनने से पहले उन्हें एक बार जरूर चेक कर लें। इसी तरह घर में रखे बोरे, बिस्तर और अन्य सामान को भी इस्तेमाल से पहले देख लें। साथ ही यह भी बताया गया कि सांप काटने की स्थिति में तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचना चाहिए क्योंकि एंटीवेनम ही इसका सबसे प्रभावी उपचार है।
