छतरपुर। बिजावर निवासी एवं वर्तमान में छतरपुर में रहने वाले स्वप्निल (सिप्पी) गुप्ता और माधुरी गुप्ता के पुत्र पार्थ गुप्ता ने पहले ही प्रयास में नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर ऑल इंडिया रैंक (AIR) 10748 प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ पार्थ अब देश के प्रतिष्ठित शासकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई करेंगे।
पार्थ की सफलता का विशेष पहलू यह है कि उन्होंने बायोलॉजी के विद्यार्थी होने के बावजूद इसी वर्ष आईआईटी जेईई मेन्स परीक्षा भी पहले प्रयास में 98.54 प्रतिशताइल के साथ उत्तीर्ण की थी। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
गुप्ता परिवार में शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन की परंपरा रही है। परिवार की सदस्य स्नेहा गुप्ता पहले ही एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर चुकी हैं, जबकि कनिष्का गुप्ता इंदौर में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। वहीं परिवार की भांजी प्रियांशी गुप्ता ने भी पहले प्रयास में नीट परीक्षा पास कर मेडिकल क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है।
परिवारजनों का कहना है कि इन सफलताओं के पीछे माता-पिता का त्याग, मार्गदर्शन और वर्षों की मेहनत रही है। स्वप्निल गुप्ता स्वयं युवावस्था में डॉक्टर बनना चाहते थे, लेकिन पारिवारिक परिस्थितियों के कारण उनका यह सपना अधूरा रह गया। अब उन्होंने अपने बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों को डॉक्टर बनाने के संकल्प को साकार कर दिखाया है।
पार्थ की इस उपलब्धि पर परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
