छतरपुर। शहर की विश्वनाथ कॉलोनी में रविवार रात एक युवक पर चाकू और लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में घायल शिवम रैकवार को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पीड़ित शिवम रैकवार के अनुसार, करीब एक माह पहले भी उसके साथ मारपीट की घटना हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस में की गई थी। आरोप है कि उसी मामले में राजीनामे के दबाव को लेकर रविवार रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच दोबारा हमला किया गया।
शिवम ने आरोप लगाया है कि सूरज गुप्ता, दिनेश गुप्ता, ओमप्रकाश उर्फ पप्पू और विपिन प्रजापति ने उस पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(B), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि एक माह पूर्व हुई मारपीट की घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी वारदात को रोका जा सके।
नोट: समाचार में लगाए गए आरोप पीड़ित पक्ष के बयान पर आधारित हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपियों का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।