छतरपुर। जिले के एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल ₹5 प्रति लीटर सस्ता मिलने के दावे को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि पेट्रोल पंप पर बड़े अक्षरों में पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 सस्ता होने का बोर्ड लगाया गया है, लेकिन वास्तविक कीमत अन्य पेट्रोल पंपों के बराबर ही वसूली जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कुछ वाहन चालक सस्ता पेट्रोल मिलने की जानकारी पर उक्त पेट्रोल पंप पहुंचे। वहां मशीन की स्क्रीन पर पेट्रोल की कीमत ₹115.88 प्रति लीटर प्रदर्शित हो रही थी, जबकि परिसर में लगे बोर्ड पर पेट्रोल ₹5 सस्ता मिलने का दावा किया गया था। इस पर उपभोक्ताओं ने सवाल उठाए कि यदि पेट्रोल वास्तव में सस्ता है तो कीमत में अंतर क्यों दिखाई नहीं दे रहा।
बताया गया कि पूछताछ के दौरान पेट्रोल पंप के कर्मचारी ने कहा कि उनकी कंपनी द्वारा पहले पेट्रोल की कीमत ₹120.88 निर्धारित की गई थी, जिसमें से ₹5 कम किए गए हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि ऐसा है तो बोर्ड पर स्पष्ट रूप से इसका उल्लेख होना चाहिए, ताकि लोगों को भ्रमित न होना पड़े।
मामले को लेकर जिला आपूर्ति विभाग के अधिकारियों से भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने प्रारंभिक तौर पर इसे गंभीर विषय बताते हुए कहा कि यदि उपभोक्ताओं को गुमराह करने या भ्रामक प्रचार के जरिए बिक्री बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है तो इसकी जांच की जानी चाहिए। वर्तमान प्रभारी अधिकारियों ने भी शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के दौर में ईंधन की कीमतों को लेकर उपभोक्ता पहले ही परेशान हैं। ऐसे में यदि किसी प्रकार का भ्रामक प्रचार किया जाता है तो यह उपभोक्ता हितों के खिलाफ है। अब निगाहें प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं कि मामले की जांच के बाद क्या कदम उठाए जाते हैं।
नोट: उक्त मामले में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ताओं और उपभोक्ताओं के दावों पर आधारित हैं। संबंधित पेट्रोल पंप प्रबंधन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।