छतरपुर। जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही सीगोंन पुलिया और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ईशानगर रेलवे स्टेशन से करीब एक से डेढ़ किलोमीटर दूर सीगोंन पुलिया के पास रेलवे ट्रैक किनारे महिला का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। राहगीरों और ग्रामीणों ने शव को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची ईशानगर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा उसकी शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, महिला के हुलिए और कपड़ों के आधार पर आसपास के थानों और गांवों में जानकारी साझा की जा रही है। मामले में मर्ग कायम कर मौत के कारणों और अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
फिलहाल महिला की पहचान और मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
