एमपी के रीवा में एक होटल में उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा हो गया, जब एक पत्नी ने अपने पति को दूसरी युवती के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। पत्नी ने पति की जमकर धुनाई कर दी और उसे कॉलर से पकड़कर थाने ले गई। वहीं, कमरे में मौजूद दूसरी युवती का दावा है कि युवक ने खुद को कुंवारा बताकर मंदिर में उसकी मांग भरी थी…
एमपी के रीवा जिले के एक निजी होटल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने अपने पति को दूसरी युवती के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद होटल परिसर से लेकर सड़क तक जमकर हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ। गुस्साए पत्नी ने आव देखा न ताव, होटल के सामने ही पति की जमकर धुनाई कर दी। शोर-शराबा सुनकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हंगामा यहीं नहीं रुका, पत्नी अपने पति को कॉलर पकड़कर सीधे थाने ले आई।
सिम बदलकर छिप रहा था पति
पूरा मामला रीवा के समान थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंगत होटल का है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला और उसका पति दोनों सीधी जिले के रहने वाले हैं। दोनों ने पिछले साल 3 जुलाई को कोर्ट मैरिज की थी। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसका पति लगातार सिम बदलकर उससे छिपकर रह रहा था। महिला को शक था कि उसका पति दूसरी लड़कियों से बात करता है। रविवार को उसे पुख्ता जानकारी मिली कि उसका पति रीवा के एक होटल में किसी लड़की के साथ रुका हुआ है, जिसके बाद वह सीधे मौके पर पहुंच गई।
इंस्टाग्राम वाली प्रेमिका बोली- ‘मुझसे मंदिर में शादी की थी’
होटल के कमरे का नजारा देखकर पत्नी का खून खौल गया। पति वहां एक अन्य युवती के साथ मौजूद था। इसके बाद पत्नी ने वहीं हंगामा शुरू कर दिया और पति को पीटते हुए बाहर लाई। वहीं, कमरे में मौजूद दूसरी युवती की कहानी सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। युवती ने बताया कि उसकी इस युवक से दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। युवक ने खुद को कुंवारा बताया था और धोखा देकर मंदिर में उसकी मांग भी भरी थी।
कॉलर से पकड़ा और खींचकर थाने ले गई
हंगामे के बाद पीड़ित पत्नी अपने पति को पकड़कर सीधे समान थाने लेकर पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। समान थाना पुलिस ने दोनों पक्षों को बैठाकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे ड्रामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
