कानपुर में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों और एक युवक की मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार सुबह लगभग छह बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कानपुर-प्रयागराज हाइवे पर खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। दुर्घटना में एक युवक और दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा में नेशनल हाईवे पर हुआ। आशंका जताई जा रही है कि स्कॉर्पियो सवार चालक को झपकी आ गई थी। जिसकी वजह से यह दर्दनाक हादसा हो गया।
स्कॉर्पियो में कुल 8 लोग सवार थे जो फतेहपुर की ओर जा रहे थे। गंभीर रूप से घायल 5 लोगों को इलाज के लिए कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अंदर फंसे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्कॉर्पियो का नंबर हरियाणा का
पुलिस ने शवों को सीट काटकर बाहर निकाला। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। स्कॉर्पियो का नंबर हरियाणा का है। मृतकों और घायलों की अभी पहचान नहीं हो पाई है।
रेस्क्यू कर निकले गए घायल
स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार की छत और उसकी बॉडी पूरी तरह से बर्बाद हो गई। कार के अंदर फंसे लोग मदद के लिए गुहार लगा रहे थे। राहगीरों ने फौरन हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू शुरू किया।
दर्द से तड़प रहे थे सभी घायल
गैस कटर की मदद से कार के अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। सभी खून से लथपथ थे और दर्द से तड़प से रहे थे। पुलिस ने घायलों को कांशीराम अस्पताल भेजा। जहां पर दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों का इलाज जारी है।
मृतकों की शिनाख्त के प्यास किए जा रहे हैं
पुलिस का कहना है कि स्कॉर्पियो में आठ लोग सवार थे। यह कार फतेहपुर की तरफ जा रही थी। जबकि कार रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की थी। मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। घायलों से बातचीत करने की कोशिश की जा रही है। लेकिन अभी कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हैं।
