छतरपुर। छतरपुर की जनभावनाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर ललिता यादव ने भोपाल में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छतरपुर मेडिकल कॉलेज सहित क्षेत्र के विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।
मुलाकात के दौरान ललिता यादव ने बताया कि छतरपुर मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि शेष औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा कर इसी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कराई जाए, ताकि बुंदेलखंड के विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से स्वयं छतरपुर पहुंचकर मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण करने का आग्रह भी किया।
बैठक में छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़कों के विस्तार, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा अन्य जनहित से जुड़े कार्यों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के संकल्प को दोहराया गया।
इस अवसर पर बिजावर विधानसभा क्षेत्र के विधायक भी मौजूद रहे।
