टीकमगढ़। सागर संभाग के आयुक्त के आदेश पर टीकमगढ़ जिले के जतारा अनुभाग के प्रभारी डिप्टी कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) संजय कुमार दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार, जबलपुर उच्च न्यायालय में लंबित एक न्यायालयीन प्रकरण में पालन प्रतिवेदन विलंब से प्रस्तुत किए जाने के कारण यह कार्रवाई की गई है।
निलंबन अवधि के दौरान श्री दुबे का मुख्यालय जिला कार्यालय टीकमगढ़ निर्धारित किया गया है। वहीं, राज्य शासन द्वारा टीकमगढ़ स्थानांतरित किए गए संयुक्त कलेक्टर नीरज खरे ने 6 जुलाई को जिले में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए नीरज खरे को अस्थायी रूप से जतारा अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी के दायित्वों के निर्वहन हेतु अधिकृत किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
