आज 28 जून से शुरू हुआ जिले व्यापी पल्स पोलियो अभियान
जिले भर के 0 से 5 वर्ष तक के 3 लाख 4 हजार 334 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो रोधी दवा कलेक्टर के निर्देशन में 29 एवं 30 जून को घर-घर जाकर बच्चों को पिलाई जाएगी दवा
छतरपुर | जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ अपर कलेक्टर विनय द्विवेदी ने जिला अस्पताल में 0 से 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर किया। इस दौरान एसडीएम प्रशांत अग्रवाल, सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता, तहसीलदार पीयूष दीक्षित, डीपीएम राजेंद्र खरे, दीप्ति जैन, नीरज खरे, माया अहिरवार, सत्यम तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्य अमला उपस्थित रहा। इसके अलावा छत्रसाल चौराहे पर भी बूथ के माध्यम से पोलियो की दवा पिलाई गई और नागरिकों को अपने बच्चों को दवा पिलाने के लिए प्रेरित किया गया।
सीएमएचओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग एवं कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में जिले में 28 जून को बूथ के माध्यम से दवा पिलाई गई और 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाएंगी।
उन्होंने बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 3 लाख 4 हजार 334 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले में 2,382 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे तथा 6,510 टीम सदस्यों की ड्यूटी लगाई गई है।
अभियान की निगरानी के लिए 244 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। वहीं, वैक्सीन भंडारण एवं वितरण के लिए जिले में 28 फोकल प्वाइंट बनाए गए हैं।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आनंद चौरसिया ने बताया कि सभी विकासखंडों में माइक्रोप्लान तैयार कर लिया गया है तथा अभियान के सफल संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
जिले वासियों से अपील की गई है कि अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं। दो बूंद हर बार पोलियो पर जीत रहे बरकरार।
