टीकमगढ़। जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल शिवधाम कुंडेश्वर मंदिर में दान राशि के बंटवारे को लेकर दो पुजारियों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों को कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करानी पड़ी। फिलहाल पुलिस ने एक पुजारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत पर जांच की जा रही है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार, शनिवार को कुंडेश्वर मंदिर के प्रधान पुजारी जमुना तिवारी ने सहायक पुजारी अवधेश लिटोरिया के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के साथ उनके हाथ में चोट के निशान भी पाए गए। पुलिस ने उनका चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद अवधेश लिटोरिया के खिलाफ मारपीट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली।
वहीं, रविवार को सहायक पुजारी अवधेश लिटोरिया ने भी कोतवाली थाने पहुंचकर प्रधान पुजारी जमुना तिवारी पर मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। अवधेश लिटोरिया का आरोप है कि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दी गई दान राशि में से उनका हिस्सा नहीं दिया गया। जब उन्होंने इस संबंध में जमुना तिवारी से शिकायत की तो उनके साथ मारपीट की गई।
कोतवाली थाना प्रभारी रवि भूषण पाठक ने बताया कि अवधेश लिटोरिया द्वारा दिए गए आवेदन की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पूरा विवाद श्रद्धालुओं से प्राप्त होने वाली दान राशि के बंटवारे को लेकर हुआ है।
बताया जाता है कि कुंडेश्वर मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना और वाहनों के पूजन के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान प्राप्त होने वाली दान राशि को मंदिर से जुड़े पुजारियों के बीच बराबर बांटा जाता है। इसी बंटवारे को लेकर दोनों पुजारियों के बीच विवाद हुआ, जो बाद में मंदिर परिसर में हाथापाई तक पहुंच गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से धार्मिक स्थल की प्रतिष्ठा प्रभावित होती है। लोगों ने मंदिर ट्रस्ट से मामले में उचित कार्रवाई करने और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
