मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से बीजेपी विधायक लापता हो गई हैं. ऐसा हम नहीं, बल्कि यहां लगे पोस्टर कह रहे हैं. नेपानगर विधानसभा के निंबोला गांव में अज्ञात लोगों ने ”विधायक लापता” के पोस्टर चस्पा कर दिए हैं. गांव में कई स्थानों पर नेपानगर विधायक मंजू दादू के फोटो सहित लगे बैनर-पोस्टर से राजनीति गर्मा गई है.
आरोप- लंबे समय से क्षेत्र से गायब हैं विधायक
नेपानगर विधानसभा क्षेत्र में इस तरह के पोस्टर लगाकर बीजेपी विधायक मंजू राजेंद्र दादू को निशाने पर लिया गया है. आरोप हैं कि बीजेपी विधायक लंबे समय से गांव में देखी नहीं हई हैं, इससे क्षेत्रवासियों में आक्रोश पनप रहा है. गुरुवार को अज्ञात लोगों ने सड़क किनारे, खेतों में और गांव के प्रमुख चौराहों पर पोस्टर लगाकर नाराजगी जाहिर की है.
जनता-किसान त्रस्त, बीजेपी विधायक मस्त : कांग्रेस
इधर विपक्षी दल कांग्रेस से पूर्व प्रदेश महासचिव अजय सिंह रघुवंशी ने भी विधायक को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने कहा, ” जनता और किसान त्रस्त, लेकिन भाजपा की विधायक मस्त हैं. बुरहानपुर जिले में 250 करोड़ का नुकसान हुआ है, बावजूद विधायक को जनता की फिक्र नहीं है, नेपानगर विधायक मंजू दादू अब तक निंबोला क्षेत्र के प्रभावित खेतों और प्रभावित किसानों के पास नहीं पहुंची हैं, इससे किसानों में आक्रोश फैल गया है. अब लोगों का गुस्सा फुट पड़ा है, लोगों ने लापता विधायक वाले पोस्टर लगाकर आक्रोश जताया है.”
नेपानगर विधानसभा क्षेत्र के निंबोला गांव में सार्वजनिक स्थानों पर विधायक मंजू दादू लापता के पोस्टर लगने से राजनीति गरमा गई है. यहां जुबानी हमलों का सिलसिला भी शुरू हो गया है. अब कांग्रेस भी बीजेपी विधायक और सांसद को घेर रही है. फिलहाल पोस्टर किसने लगाए हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इस घटनाक्रम विधायक को लेकर चर्चा जोरों पर हैं.
‘बुरहानपुर में करोड़ों का नुकसान, जनप्रतिनिधि गायब’
मध्यप्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव अजय सिंह रघुवंशी ने सांसद, विधायक पर कटाक्ष किया है, उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बीते दिनों तेज बारिश और आंधी तूफान ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है, इस आपदा से जिले में ढाई सौ करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है, प्रभावित किसान खून के आंसू रोने को मजबूर है, लेकिन यही जनप्रतिनिधि संकट की घड़ी में साथ छोड़ देते हैं. महासचिव ने कहा कि निंबोला गांव में लोगों ने विधायक लापता होने के बैनर लगाए हैं क्योंकि उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है.
बीजेपी का पलटवार, कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा
बीजेपी जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने ने बताया, ” हमारी दोनों विधायक बहुत सक्रिय हैं, वह मध्यप्रदेश के सक्रिय विधायकों में शामिल है, नेपानगर विधायक भी लगातार जनता के बीच में रहकर काम करती हैं, क्षेत्र की समस्या के निराकरण भी किए जाते हैं. कांग्रेस को कोई मुद्दा नहीं मिल रहा है, इसलिए कांग्रेस अनर्गल बातें कर रही है, मैं कांग्रेस की बात पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता.”
