प्रयागराज के संगम तट पर चल रही बागेश्वर सरकार की हनुमान कथा के द्वितीय दिवस उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कथा में शामिल हुए और कथा श्रवण कर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शास्त्री जी जहां भी जाते हैं, वहां जनसैलाब उमड़ पड़ता है, जो उनकी लोकप्रियता और प्रभाव को दर्शाता है। उन्होंने कामना व्यक्त की कि शास्त्री जी की हनुमान कथा देश के प्रत्येक जिले के साथ-साथ पाकिस्तान तक भी पहुंचे।
डिप्टी सीएम ने प्रयागराज और उत्तर प्रदेश की धरती पर शास्त्री जी का स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने सनातन संस्कृति और राष्ट्रवाद की ध्वजा को मजबूती से स्थापित किया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं बागेश्वर धाम पहुंचकर आशीर्वाद ले चुके हैं, जो इस धाम की महत्ता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कथा के दौरान भाषण देना उचित नहीं है, लेकिन यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें शास्त्री जी के श्रीमुख से कथा सुनने का अवसर मिला।
अपने संबोधन के अंत में केशव प्रसाद मौर्य ने हनुमान जी से प्रार्थना करते हुए कहा कि संगम तट पर हो रही यह कथा पूरे देश में पहुंचे और पूर्व हिंदुस्तान, जो आज पाकिस्तान है, वहां भी इसका आयोजन हो। उन्होंने इसे सनातन संस्कृति के प्रसार और आध्यात्मिक जागरूकता का माध्यम बताया।
