छतरपुर–दमोह मार्ग पर निर्माणाधीन डिवाइडर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ, जहां बुधवार शाम करीब 4:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक अज्ञात आईसर ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान फुलचंद लोधी (36) निवासी गंज नया थाना भगवा और मुकेश लोधी (34) निवासी कम्मोदपुरा थाना बड़ामलहरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दोनों युवक फुलचंद की बहन पान बाई और जीजा गोविंद लोधी से मुलाकात कर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार भरत पांडे और नायब तहसीलदार सुनील केवट मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने भी माना कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है, वहां निर्माणाधीन डिवाइडर के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस जगह पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। डिवाइडर पर संकेतक बोर्ड, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का अभाव बना हुआ है, जिससे रात के समय और भी खतरा बढ़ जाता है।
ग्रामीणों और राहगीरों ने आरोप लगाया कि अधूरा निर्माण कार्य, संकरी सड़क और कई जगहों पर एकतरफा यातायात व्यवस्था के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द डिवाइडर का निर्माण कार्य पूरा कराया जाए और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
