पर्यटन नगरी खजुराहो की पुरानी बस्ती स्थित ननोरा तालाब का विधायक अरविंद पटेरिया ने निरीक्षण कर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से तालाब के सौंदर्यकरण से जुड़े कार्यों को देखा और संबंधित अधिकारियों व निर्माण एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने तालाब के चारों ओर बंधान पर बाउंड्री वॉल और रेलिंग निर्माण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए विद्युत खंभों की स्थापना, फुटपाथ को सुगम बनाने के लिए टाइल्स लगाने तथा आगामी बरसात से पहले तालाब की खुदाई कर गहरीकरण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ननोरा तालाब का विकास खजुराहो की सुंदरता और पर्यटन को और बढ़ावा देगा, इसलिए कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस मौके पर नगर परिषद खजुराहो के अध्यक्ष अरुण कुमार उर्फ पप्पू अवस्थी, सीएमओ बसंत चतुर्वेदी, इंजीनियर अमितेश अवस्थी, मुकेश पांडे, भाजपा नेता भैया जी अचनार, श्रीकांत मिश्रा, राधे बाबा, मिंटू पटेरिया, पंकज अग्निहोत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित ठेकेदार मौजूद रहे।
