ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध के कारण देशभर में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर अफवाहें फैल रही हैं, जिसका असर स्थानीय स्तर पर भी दिखाई दे रहा है। बीना में प्रशासन ने घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाते हुए होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को सख्त हिदायत दी है। एसडीएम विजय डेहरिया ने अपनी टीम के साथ कई होटल और रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया, जिसमें बड़ी संख्या में कमर्शियल तथा घरेलू गैस सिलेंडर जप्त किए गए।
निरीक्षण के दौरान एक मैरिज गार्डन में झाड़ियों में छिपाकर रखा एक घरेलू गैस सिलेंडर भी बरामद हुआ। अधिकारियों ने गैस एजेंसी संचालकों की बैठक बुलाकर समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम विजय डेहरिया ने स्पष्ट किया कि बीना में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है और निर्धारित समय पर ही सिलेंडरों की डिलीवरी हो रही है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया है। अफवाहों के चलते व्यावसायिक उपयोग के लिए घरेलू सिलेंडरों का इस्तेमाल रोकने का यह कदम उठाया गया है, ताकि आम उपभोक्ताओं को कोई परेशानी न हो। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने और जरूरत पड़ने पर आधिकारिक जानकारी लेने की अपील की है।
