जिले की देहात थाना पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के 23 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 3 लाख 10 हजार 300 रुपये नगद, ताश के 52 पत्ते, 23 मोबाइल फोन, 5 कार और 2 मोटरसाइकिल जब्त की हैं। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कराबोह रिंगरोड बायपास क्षेत्र में कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी ललित बेरगी, थाना प्रभारी देहात निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत तथा कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष धुर्वे के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।पुलिस ने घेराबंदी कर 23 आरोपियों को मौके से जुआ खेलते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 3,10,300 रुपये नगद, 23 मोबाइल फोन और 5 चारपहिया वाहन बरामद किए गए। जब्त वाहनों में मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र नंबर की कारें शामिल हैं। कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपियों का पुलिस कंट्रोल रूम से शहर के प्रमुख मार्गों से जुलूस भी निकाला, जिससे जुआ और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को सख्त संदेश दिया जा सके। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि कुछ फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
