मध्य प्रदेश के मंडला जिले में शुक्रवार को एक बेहद हृदयविदारक और दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार डंपर ने ढाई साल की मासूम बच्ची को कुचल दिया। हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के बम्होरी गांव में हुआ, जहां आंगनबाड़ी सहायिका श्रृष्टि यादव अपने बच्चों को आंगनबाड़ी में छोड़कर घर लौट रही थीं। उनकी गोद में एक छोटा बच्चा था और ढाई साल की उनकी बेटी आकृति यादव उनका हाथ पकड़कर पैदल चल रही थी। इसी दौरान तेज गति से आया डंपर बच्ची को कुचल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयंकर था कि बच्ची का शव सड़क पर चिपक गया और उसके खून के छींटे सड़क किनारे बने स्कूल की दीवार पर तक जा गिरे।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वे इतने सदमे में थे कि कई लोग रोने लगे। कुछ वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क पर चिपके बच्ची के शव के टुकड़ों को उसकी मां श्रृष्टि यादव और अन्य परिजन रोते-बिलखते हुए हाथों से समेट रहे हैं और उन्हें पॉलीथिन में डाल रहे हैं। सड़क पर बिखरे खून को भी परिवार वाले पानी से धोते नजर आए, जिसने हर किसी का दिल तोड़ दिया। मासूम आकृति की यह त्रासदी देखकर हर कोई गमगीन हो गया और आंसू छलक पड़े।
डंपर चालक ने बच्ची को कुचलने के बाद बिना रुके तेज गति से मौके से फरार होने की कोशिश की। लेकिन गुस्साए ग्रामीणों ने उसका पीछा किया और करीब 7 किलोमीटर दूर तिंदनी टोल प्लाजा के पास डंपर को पकड़ लिया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डंपर को जब्त कर लिया और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। इस बीच गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने निवास-मंडला रोड पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने समझाइश देकर जाम खुलवाने का प्रयास किया।
