दिल्ली पुलिस(Delhi Police) ने ऑनलाइन डेटिंग के नाम पर चल रही एक बड़े साइबर फ्रॉड का भंडाफोड़ करते हुए उगांडा के नागरिक माइकल इगा को बुराड़ी इलाके से गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लड़कियों की फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को जाल में फंसाता था और फिर उनसे भारी रकम ऐंठता था। पुलिस के अनुसार, माइकल इगा पिछले कई महीनों से दिल्ली–एनसीआर में लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। उसके खिलाफ अब तक 14 साइबर ठगी के मामले दर्ज पाए गए हैं। जांच में पता चला है कि वह अब तक करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है।
दिल्ली के किशनगढ़ इलाके के एक व्यक्ति ने NCRP पोर्टल पर साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार उनकी मुलाकात डेटिंग ऐप Happn पर एक लड़की से हुई, जिसने खुद को “Echem” नाम की ब्यूटी प्रोडक्ट कंपनी में कार्यरत बताया। ऑनलाइन बातचीत के दौरान उसने पहले पीड़ित का भरोसा जीता और धीरे-धीरे संबंध स्थापित किए।
इसके बाद आरोपी ने उन्हें एक कथित “बिज़नेस अवसर” का लालच दिया। उसने दावा किया कि असम में मिलने वाला एक दुर्लभ तेल बहुत महंगा बिकता है. बताया गया रेट 2 लाख रुपये प्रति लीटर, और उसे आगे 3.5 लाख रुपये प्रति लीटर में बेचा जा सकता है। इस झांसे में फंसकर पीड़ित ने बड़ी रकम निवेश कर दी।
