डिजिटल डेस्क | अंश भास्कर
नई दिल्ली। यूट्यूब पर ज्यादा व्यूज और लोकप्रियता पाने की चाहत एक 9 वर्षीय बच्चे के लिए चर्चा का विषय बन गई। अमेरिका में सामने आए एक हैरान कर देने वाले मामले में एक बच्चे ने अपने यूट्यूब चैनल के प्रचार के लिए कथित तौर पर करीब 1.13 करोड़ रुपये (1,18,000 डॉलर) यूट्यूब विज्ञापनों पर खर्च कर दिए। जब इस खर्च की जानकारी उसके पिता और कंपनी की फाइनेंस टीम को मिली तो सभी के होश उड़ गए।
जानकारी के अनुसार, Mike नाम का बच्चा “Mighty Mike Plays” नाम से यूट्यूब चैनल चलाता है, जिस पर वह Minecraft और Roblox जैसे लोकप्रिय वीडियो गेम्स से जुड़े कंटेंट अपलोड करता है। चैनल पर अपेक्षित व्यूज नहीं मिलने से वह परेशान था और अपने वीडियो को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए विज्ञापनों का सहारा लेने लगा।
बताया जाता है कि Mike के पिता Dave ने उसे यूट्यूब विज्ञापन चलाने का तरीका समझाने के लिए 20 डॉलर का एक डेमो अभियान बनाकर दिखाया था। इसी दौरान कंपनी का क्रेडिट कार्ड अकाउंट में सेव रह गया। इसके बाद बच्चे ने खुद कई विज्ञापन अभियान शुरू कर दिए और लगातार उनका बजट बढ़ाता गया।
करीब तीन सप्ताह बाद कंपनी की फाइनेंस टीम ने असामान्य खर्च को लेकर Dave से संपर्क किया। जांच में पता चला कि कंपनी के क्रेडिट कार्ड से यूट्यूब विज्ञापनों पर लगभग 1.13 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। इस खुलासे के बाद कंपनी प्रबंधन और परिवार दोनों हैरान रह गए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विज्ञापनों के कारण बच्चे के वीडियो पर लाखों व्यूज भी आए, लेकिन इतनी बड़ी रकम खर्च होने के कारण यह मामला सोशल मीडिया और तकनीकी जगत में चर्चा का विषय बन गया है। यह घटना बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों, डिजिटल भुगतान सुरक्षा और पैरेंटल कंट्रोल की आवश्यकता को भी उजागर करती है।
अंश भास्कर
हमेशा सच के साथ
