भोपाल। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 1995 बैच के वरिष्ठ अधिकारी ए. साईं मनोहर को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नई दिल्ली स्थित कार्यालय में सलाहकार नियुक्त किया गया है। हाल ही में 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हुए साईं मनोहर की नियुक्ति 1 सितंबर को जारी आदेश के तहत एक वर्ष अथवा आगामी आदेश तक के लिए की गई है।
ए. साईं मनोहर का छतरपुर जिले से विशेष संबंध रहा है। उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के रूप में कार्य करते हुए ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया था। उनके कार्यकाल को आज भी जिले में विकास और सुशासन के उदाहरण के रूप में याद किया जाता है।
साईं मनोहर अपनी ईमानदारी, कर्मठता और प्रशासनिक दक्षता के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने पुलिस सेवा में रहते हुए राजगढ़, इंदौर, नरसिंहपुर और ग्वालियर जैसे जिलों में बेहतर कानून-व्यवस्था स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा वे सीबीआई में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उन्होंने दिल्ली और विशाखापट्टनम सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर कार्य किया।
मुख्यमंत्री कार्यालय में सलाहकार के रूप में उनकी नियुक्ति को उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव और उत्कृष्ट कार्यशैली का सम्मान माना जा रहा है। प्रशासनिक और विकास कार्यों में उनकी विशेषज्ञता मुख्यमंत्री कार्यालय को नई दिशा देने में सहायक साबित हो सकती है।
