कलेक्टर एसपी ने गौरिहार में कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं एवं तैयारियों का निरीक्षण किया
29 मई 2025 को मा. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का छतरपुर जिले के गौरिहार में जल गंगा संवर्धन अभियान एवं तेदूपत्ता बोनस वितरण कार्यक्रम एवं मऊसहानियां में आगमन प्रस्तावित है।
सोमवार को कलेक्टर श्री पार्थ जैसवाल एवं एसपी श्री अगम जैन द्वारा गौरिहार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया और तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के निरीक्षण उपरांत अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल के नजदीक बने तालाब में श्रमदान एवं बाबू जगजीवन राम अनुसूचित जाति प्री मैट्रिक कन्या छात्रावास गौरिहार में ई लाइब्रेरी के होने वाले लोकार्पण के संबंध में भी अधिकारियों को तैयारियों के आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तपस्या परिहार, एडीएम श्री मिलिंद नागदेवे, एएसपी विदिता डागर, ईई पीडब्ल्यूडी श्री आर.एस. शुक्ला, डीपीओ श्री राजीव सिंह, जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग डॉ प्रियंका राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर श्री जैसवाल ने लाइब्रेरी रूम का निरीक्षण करते हुए उसमें प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें, न्यूज पेपर और अध्ययन के लिए ई कंटेंट रखने के निर्देश दिए। इसके पश्चात कलेक्टर ने छात्रावास के बाहर उचित साफ सफाई कराने के भी निर्देश दिए। इसके पश्चात कलेक्टर ने स्टेडियम ग्राउंड में मंच, जल संवर्धन की प्रदर्शनी एवं विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत कृषि रथ की तैयारियों के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए एवं रूट प्लान के संबंध में सुरक्षात्मक अधिकारियों को निर्देश दिए।
