हाजीपुर (बिहार)। बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद नशे का एक नया और खतरनाक रूप सामने आया है। वैशाली जिले के हाजीपुर में इंजेक्शन के जरिए नशा करने वाले युवाओं में HIV संक्रमण के मामलों में चिंताजनक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पिछले डेढ़ से दो महीने के दौरान 100 से अधिक युवा HIV पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें अधिकांश की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच है।
स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि कई युवाओं द्वारा नशे के लिए एक ही सिरिंज का साझा उपयोग किया जा रहा है, जिससे HIV समेत अन्य गंभीर संक्रमण तेजी से फैलने का खतरा बढ़ गया है। जांच में सामने आया है कि संक्रमितों की बड़ी संख्या दियारा और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी हुई है।
जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ. अजय ने बताया कि संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए हाई-रिस्क इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही व्यापक स्तर पर जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि संक्रमित लोगों की जल्द पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ा जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने युवाओं से नशे के लिए इंजेक्शन और साझा सिरिंज के उपयोग से बचने की अपील की है। विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर जांच और उपचार से HIV संक्रमित व्यक्ति सामान्य और स्वस्थ जीवन जी सकता है, लेकिन संक्रमण की अनदेखी स्थिति को और गंभीर बना सकती है।
