गुरुग्राम पुलिस ने अवैध घुसपैठियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान शहर में 13 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया। गुरुग्राम पुलिस अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान और सत्यापन के लिए विशेष अभियान चला रही है।
दिल्ली से सटे गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान और सत्यापन के लिए पुलिस का अभियान जारी है। डीसीपी क्राइम हितेश यादव के नेतृत्व में ड्राइव के दौरान 13 बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सभी लोग बिना वैध कागजात के गुरुग्राम में रह रहे थे। सेक्टर-39 क्राइम ब्रांच ने निर्माण स्थलों और झुग्गियों में अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों से 13 बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए, जिनके पास भारत में रहने से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले। पूछताछ में सामने आया कि उन्हें एक एजेंट के जरिए भारत भेजा गया था। पुलिस के मुताबिक, कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सभी को बांग्लादेश डिपोर्ट किया जाएगा।
एसीपी क्राइम ने दी जानकारी
मीडिया को संबोधित करते हुए एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अवैध प्रवासियों के खिलाफ तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें सूचना मिली थी कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक वैध दस्तावेजों के बिना शहर में अवैध रूप से रह रहे थे।
क्राइम ब्रांच ने शहर के विभिन्न इलाकों से इन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक झुग्गी-झोपड़ियों में रह रहे थे, जबकि कुछ निर्माण स्थलों पर काम कर रहे थे।
तलाशी के बाद हिरासत में लिया
उन्होंने आगे कहा कि तलाशी अभियान और पूछताछ के बाद इनमें से 13 लोगों को हिरासत में लिया गया है। हमने उनके पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र बरामद किए हैं। साथ ही, वे अपने परिवार के सदस्यों से बात करने के लिए बांग्लादेश स्थित फोन नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कुछ लोग दो महीने से, कुछ चार महीने से यहां रह रहे हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल की सीमा से भारत में प्रवेश किया था। गुरुग्राम पुलिस की निगरानी में कई दिनों से तलाशी अभियान चल रहा है।
