उज्जैन, अशोक दायमा। चिमनगंज थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को सुलझाने के लिए आयोजित एक पार्टी खूनी संघर्ष में बदल गई। इस घटना में करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल दरबार और उनके साथी जीतू ठाकुर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया।
जानकारी के अनुसार, पवासा निवासी राहुल दरबार, जीतू ठाकुर और अन्य लोग पुराने विवाद का राजीनामा करने के लिए एक ढाबे पर एकत्रित हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर फिर विवाद हो गया। आरोप है कि शक्ति सिंह ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और मामला खूनी संघर्ष में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 12 से 15 लोगों ने हमला किया। घटना में धारदार हथियारों के इस्तेमाल की भी बात सामने आ रही है। हमले में गंभीर रूप से घायल राहुल दरबार और जीतू ठाकुर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं सरवन सहित एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही चिमनगंज थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के भाई भूरू ठाकुर ने पुलिस को दिए बयान में सोनू बंजारा, शक्ति सिंह अटल, अर्पित अटल, अनिल बंजारा, गोलू सिकरवार और राकेश बामणिया सहित अन्य लोगों के नाम बताए हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि सभी आरोपितों की भूमिका और घटना में उनकी संलिप्तता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, पुराने विवाद और वारदात के पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है।
